सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ी भवानीपुर पंचायत में सोमवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर 60 वर्षीय विधवा महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में रखी नगदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान स्वर्गीय चंदेश्वरी यादव की पत्नी चनिया देवी (60) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनके पति की मृत्यु करीब 15 से 20 वर्ष पूर्व हो चुकी थी तथा उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अकेले रहकर बकरी पालन के माध्यम से अपना जीवनयापन करती थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, चनिया देवी ने कुछ दिन पहले ही अपने कई बकरे बेचे थे, जिससे उन्हें नकद राशि प्राप्त हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी जानकारी के आधार पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। देर रात अपराधियों ने घर का दरवाजा तोड़ा, महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में रखे नगदी एवं जेवरात लेकर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते नशेड़ियों के आतंक पर चिंता जताते हुए कहा कि सूखा नशा करने वाले युवक रुपये के लालच में चोरी, लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और विरोध करने पर हत्या तक कर दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पिपरा थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या एवं लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश और चिंता दोनों देखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं