सुपौल। रोटरी क्लब सुपौल की ओर से बुधवार को शहर के मेला रोड स्थित महादलित बस्ती में मुख एवं दंत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष ओरल हाइजीन कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे आयोजित इस शिविर में करीब 150 बच्चों के बीच निःशुल्क डेंटल किट का वितरण किया गया तथा उन्हें दांतों और मुंह की स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान रोटरी क्लब सुपौल के सचिव रवि जैन एवं सदस्य ब्रजकिशोर मिश्र ने बच्चों को ओरल हाइजीन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि दांतों को स्वस्थ रखने के लिए सही तरीके से और नियमित रूप से ब्रश करना बेहद आवश्यक है। बच्चों को ब्रश करने की सही विधि, दिन में कितनी बार ब्रश करना चाहिए तथा इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में सरल और रोचक ढंग से समझाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मुख स्वच्छता केवल दांतों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मुंह को रोगमुक्त बनाए रखने से जुड़ी है। नियमित रूप से दांतों की सफाई करने से दांतों में सड़न, मसूड़ों की बीमारी और सांसों की दुर्गंध जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवन के लिए अच्छी मौखिक स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। ओरल हाइजीन से जुड़े सवाल पूछे जाने पर कई बच्चों ने सही एवं संतोषजनक जवाब दिए, जिससे उनकी जागरूकता और सीखने की रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
शिविर के अंत में रोटरी क्लब के सदस्य नीरज किशोर प्रसाद, प्रशांत कुमार, प्रिंस कुमार, जितेंद्र जैन एवं अमित आनंद ने बच्चों के बीच निःशुल्क डेंटल किट का वितरण किया। डेंटल किट प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता पहुंचाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक आदतों का विकास हो सके। स्थानीय लोगों ने रोटरी क्लब सुपौल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं