सुपौल। किशनपुर थाना पुलिस ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चारपहिया वाहन से 324 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक लाल रंग के टाटा विक्टा वाहन से कोशी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में शराब की खेप कोशी पूर्वी तटबंध के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा कोशी पूर्वी तटबंध पर थरविटिया स्टेशन के पश्चिम वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान झाझा की ओर से एक लाल रंग का टाटा विक्टा वाहन (बीआर 11 एच 3713) आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागते हुए वाहन किशनपुर बाजार की ओर पहुंचा, जहां कुछ दूरी पर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे नौ बोरों से कुल 324 लीटर नेपाली देशी चुलाई शराब बरामद की गई। इसके बाद वाहन एवं शराब को जब्त कर थाना लाया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वाहन मालिक की पहचान एवं संलिप्त अन्य लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं