सुपौल। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (BSACS) एवं बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सुपौल जिले में 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का शुभारंभ किया गया। किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत में आयोजित शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर किसी भी व्यक्ति के समग्र विकास की आधारशिला है। लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को उनके घर के समीप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों एवं अन्य फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि सभी शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा वे स्वयं भी विभिन्न शिविरों का निरीक्षण करेंगे।
बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयास से यह अभियान राज्य में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा तथा आमजन को इसका व्यापक लाभ मिलेगा।
शिविर के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने स्वयं एचआईवी, ब्लड शुगर, सिफिलिस, ब्लड प्रेशर तथा हेपेटाइटिस-बी एवं सी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में किशनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम), प्रखंड सामुदायिक समन्वयक (बीसीएम), डीआईएस बंधु नाथ झा, लैब टेक्नीशियन चंदन कुमार, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
जिलेभर में आयोजित इन 74 समेकित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं