Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

छातापुर : सहयोग शिविर में उमड़ी फरियादियों की भीड़, सैकड़ों आवेदनों का हुआ निष्पादन

 


सुपौल। छातापुर प्रखंड क्षेत्र के मधुबनी एवं भीमपुर पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। आम लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित शिविर में फरियादियों की भारी भीड़ देखी गई। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने के साथ-साथ उन्हें ऑनलाइन भी किया गया।

मधुबनी पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता की मौजूदगी रही। इस दौरान मुखिया सीतानंद झा उर्फ सुनील बाबू सहित अन्य जनप्रतिनिधि फरियादियों की सहायता करते नजर आए। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर कर्मियों द्वारा लोगों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा था।

वहीं भीमपुर पंचायत में सीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। मुखिया प्रतिनिधि रंजन भारती एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कर्मियों द्वारा लोगों के आवेदनों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया संचालित की गई।

शिविर का जायजा लेने के लिए त्रिवेणीगंज एसडीएम अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार तथा पुलिस इंस्पेक्टर एस.के. पासवान दोनों पंचायतों में पहुंचे। अधिकारियों ने शिविर संचालन की व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि मधुबनी पंचायत में कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 31 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को ऑनलाइन कर उनकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं भीमपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 158 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 110 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष आवेदन संबंधित विभागों को भेजकर निष्पादन की प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं।

सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं