सुपौल। राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाईन पंचायत के मुसहरी टोला, वार्ड संख्या-07 में मंगलवार को जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री सह सुपौल जिला के प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने भाग लिया और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मंत्री ने ग्रामीणों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनसे इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे स्थानीय समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जन संवाद कार्यक्रम में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को मंत्री के समक्ष रखा, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं