सुपौल। राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर मंगलवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड कार्यालय गेट के समीप विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर एकदिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रामनंदन यादव ने की।
धरना के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, ध्वस्त कानून व्यवस्था तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के उपरांत महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपा गया।
धरना को संबोधित करते हुए राजद नेता बैधनाथ मेहता ने कहा कि राज्य और देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं राजद नेता एवं किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहन यादव ने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी विद्यालयों की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति तथा व्याप्त भ्रष्टाचार पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
धरना कार्यक्रम में एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मदन पासवान, मजदूर प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज यादव, महादेव यादव, रोनक कुमार यादव, बीरेंद्र राय, उपेंद्र यादव, लखन मेहता, अनिल कुमार, उत्तिम लाल यादव, रामदेव मुखिया, रंजन यादव, सीताराम मंडल सहित दर्जनों राजद कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने की कोशिश की।

कोई टिप्पणी नहीं