Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज : धरना-प्रदर्शन के माध्यम से राजद ने महंगाई-बेरोजगारी समेत जन समस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना


सुपौल। राष्ट्रीय जनता दल के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को प्रतापगंज प्रखंड मुख्यालय के समीप राजद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जन समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर राजद के प्रदेश सचिव एवं प्रखंड के प्रभारी श्याम यादव भी मौजूद रहे।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन तथा कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार जन समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है।

धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव श्याम यादव ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है, जबकि सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में असफल रही है।

वहीं प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और पलायन की समस्या भी लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

राजद नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के दावों के बावजूद विभिन्न विभागों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वक्ताओं ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट और अन्य अपराधों की घटनाओं से आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

धरना के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, महंगाई पर नियंत्रण करने तथा जन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम में शंभु यादव, महेंद्र यादव, बौधी यादव, कुंदन सिंह, ललन यादव, हरिनंदन राम, प्रदीप बसेदार, रामेश्वर यादव, गंगा महतो, रामसागर यादव, पारस कुमार सहित दर्जनों राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धरना के समापन पर नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और आम जनता की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं