सुपौल। छातापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सुरपत सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रखंड क्षेत्र के बीएलओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीरपुर एसडीएम नीरज कुमार ने की।
बैठक में बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता, आरडीओ प्रवीण कुमार रजक, निर्वाचन शाखा के हरेंद्र कर्ण सहित प्रखंड के अधिकांश बीएलओ उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र संख्या-45 (छातापुर) के अंतर्गत सभी बीएलओ को मतदाता सूची तैयार करने एवं उसे त्रुटिरहित बनाए रखने में उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के निष्पादन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम नीरज कुमार ने विशेष रूप से मतदाता सूची में दर्ज दोहरी प्रविष्टियों (डुप्लीकेट नाम) को हटाने में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ पर नाराजगी जताई। उन्होंने बैठक के दौरान ही ऐसे नामों का सत्यापन कराकर उन्हें मतदाता सूची से विलोपित कराने की कार्रवाई कराई।
उन्होंने ऑनलाइन प्राप्त प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के आवेदनों की भी समीक्षा की और सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके। बैठक में निर्वाचन कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं