Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

वीरपुर : अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा अभियान, कारगिल चौक से इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड तक हटाए गए अवैध कब्जे


सुपौल। वीरपुर नगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन, वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल तथा एसएसबी के जवानों की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कारगिल चौक, हटिया चौक और इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड स्थित सतना बीओपी जाने वाले मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासनिक टीम ने अभियान की शुरुआत नगर क्षेत्र के हवाई अड्डा के समीप स्थित कारगिल चौक से की। यहां हवाई अड्डा की पश्चिमी दीवार से सटी सरकारी जमीन पर लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियां एवं अस्थायी निर्माण कर कब्जा किया गया था। अधिकारियों की निगरानी में करीब एक दर्जन व्यावसायिक और आवासीय अतिक्रमणों को हटाकर सरकारी भूमि को खाली कराया गया।

इसके बाद टीम पुरानी बाजार स्थित हटिया चौक पहुंची, जहां मार्केट कॉम्प्लेक्स के समीप सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों पर कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार इन दुकानों के कारण क्षेत्र में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी। प्रशासन ने चिन्हित करीब डेढ़ दर्जन दुकानों को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त किया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

अभियान के अंतिम चरण में कुमार चौक के समीप सतना बीओपी जाने वाली मुख्य सड़क पर कार्रवाई की गई। यहां सड़क के दोनों किनारों पर टीन और अन्य अस्थायी सामग्री से किए गए लगभग आधा दर्जन अवैध कब्जों को हटाया गया। बताया गया कि इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण एसएसबी के जवानों और वाहनों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सीमा सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर एसएसबी द्वारा प्रशासन के समक्ष आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद कार्रवाई तेज की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं