सुपौल। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस द्वारा शनिवार को बाल विकास परियोजना बसंतपुर अंतर्गत छह आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 11, 12, 21, 35, 38 एवं 39 का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका उपस्थित मिलीं। सभी केंद्रों पर सामाजिक अंकेक्षण बैठक आयोजित की गई तथा बच्चों द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सभी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित समय पर नाश्ता एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय पूर्व शिक्षा (ECCE) के तहत "पोषण भी, पढ़ाई भी" गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण संचालन करने पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों की स्वच्छता, साफ-सफाई एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पोषण क्षेत्र के सभी पात्र लाभुकों के बीच एफआरएस के माध्यम से टेक होम राशन (THR) का नियमित वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रत्येक केंद्र से आठ पात्र लाभुकों तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत प्रत्येक केंद्र से तीन पात्र लाभुकों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने विभागीय मार्गदर्शिका के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर बल देते हुए संबंधित महिला पर्यवेक्षिकाओं को केंद्रों का सतत निरीक्षण एवं प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को आंगन ऐप के माध्यम से निरीक्षण के दौरान ईसीसीई गतिविधियों से संबंधित प्रतिवेदन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं