सुपौल। ललितग्राम थाना क्षेत्र के महादेवपट्टी गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम से लापता किशोरी का शव शनिवार सुबह घर से करीब 50 मीटर दूर पानी भरे गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान लक्षमीनिया पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी मो. मोइम महताब की 16 वर्षीय पुत्री रूबीना खातून के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही ललितग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार गुरुवार शाम से रूबीना लापता थी। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार को घर के समीप स्थित पानी भरे गड्ढे में उसका दुपट्टा तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन गड्ढे में तलाश की, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका। शनिवार सुबह शव स्वतः पानी की सतह पर आ गया, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया।
मृतका की मां कलिसा खातून ने गांव के एक युवक पर उनकी बेटी का अपहरण कर हत्या करने तथा शव को पानी भरे गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है।
वहीं, गांव में यह भी चर्चा है कि रूबीना और उक्त युवक के बीच प्रेम प्रसंग था। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है।
ललितग्राम थाना अध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं