Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

आर्थिक तंगी के बावजूद नहीं मानी हार, किशनपुर के मुकेश कुमार बने एसडीएम



सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के राजपुर पंचायत अंतर्गत नेमनमा गांव के निवासी मुकेश कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पद हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

मुकेश कुमार सेवानिवृत्त होमगार्ड दीपनारायण पासवान के पुत्र हैं। साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले मुकेश ने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने चौथे प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करते हुए 481वीं रैंक प्राप्त की।

मुकेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हजारी उच्च विद्यालय गौरबगढ़ से वर्ष 2007 में मैट्रिक द्वितीय श्रेणी से पूरी की। इसके बाद बीएसएस कॉलेज सुपौल से इंटर एवं स्नातक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। आगे की पढ़ाई के लिए वे पटना गए, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वापस गांव लौटना पड़ा।

आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी। गांव के समीप स्थित द राइजिंग पब्लिक स्कूल फुलकाहा में बच्चों को पढ़ाते हुए स्वयं ऑनलाइन माध्यम से तैयारी जारी रखी और आखिरकार चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर एसडीएम बनने का सपना साकार किया।

मुकेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता देवकी देवी, पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उनकी पत्नी आंचल कुमारी गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े मुकेश ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उनके छोटे भाई रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में काम करते हैं।

मुकेश की सफलता पर गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीण और शुभचिंतक लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। पड़ोसी दिनेश पासवान ने कहा कि मुकेश ने निरंतर मेहनत और संघर्ष के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए मुकेश कुमार समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं