सुपौल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को प्रतापगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार मिश्रा एवं अंचलाधिकारी आशु रंजन ने संयुक्त रूप से की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस में डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि जुलूस निकालने के लिए प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस के जुलूस निकालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, लाइसेंस में निर्धारित रूट चार्ट का पालन करना होगा तथा पूर्व निर्धारित मार्ग में किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा एवं सीओ आशु रंजन ने लोगों से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।
बैठक में पूर्व विधायक लखन ठाकुर, पूर्व प्रमुख रमेश यादव, सुखानगर मुखिया रंजीत प्रसाद सिंह, भवानीपुर दक्षिण मुखिया प्रतिनिधि सुरेश दास, भवानीपुर उत्तर मुखिया प्रताप बिराजी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष संतोष भिंडवार, सुरजापुर मुखिया महानंद पासवान, सरपंच रीत नारायण कुसियैत, हरिनंदन रजक, मनोज मरीक, भवानीपुर उत्तर सरपंच मजीद साफी, मो. वहाब, मो. अजीज, कुदुश मियां, मोहम्मद सईद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं