Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पिपरा : अब बिजली शिकायतों का होगा ऑन-द-स्पॉट समाधान, कटैया विद्युत प्रशाखा में लगा जनता दरबार



सुपौल। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पिपरा प्रखंड अंतर्गत कटैया विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतें सीधे विद्युत अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका शीघ्र निपटारा कराने का अवसर मिल रहा है।

जनता दरबार का आयोजन नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करते हुए उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।

कटैया विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय अभियंता विकास कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक तथा शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बिजली बिल में त्रुटि, मीटर खराबी, नए विद्युत कनेक्शन, लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती सहित तकनीकी एवं राजस्व संबंधी शिकायतों की सुनवाई कर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

जनता दरबार में लाइनमैन कुलदीप कुमार, राजदीप कुमार, प्रशांत कुमार समेत विद्युत विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी निर्धारित समय पर नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी विद्युत सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

वहीं, उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनता दरबार के माध्यम से उनकी शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंच रही हैं, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज और सरल हुई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह व्यवस्था बिजली सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

कोई टिप्पणी नहीं