सुपौल। वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. संजय को बिहार का नया महाधिवक्ता नियुक्त किए जाने पर त्रिवेणीगंज में खुशी और उत्साह का माहौल है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को क्षेत्रवासियों ने गौरव का क्षण बताते हुए हर्ष व्यक्त किया है।
एस.डी. संजय का पारिवारिक संबंध त्रिवेणीगंज से है। उनके पिता विश्वनाथ अग्रवाल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 के निवासी हैं। विश्वनाथ अग्रवाल नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं तथा बिहार प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
महाधिवक्ता बनने से पहले एस.डी. संजय केंद्र सरकार में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विधि क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उनकी यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
उनकी नियुक्ति पर मारवाड़ी सम्मेलन त्रिवेणीगंज, चैंबर ऑफ कॉमर्स, मारवाड़ी युवा मंच सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
बधाई देने वालों में मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, डॉ. विश्वनाथ सर्राफ, सज्जन कुमार संत, राजकुमार भरतिया, अविनाश अग्रवाल, निर्मल केजरीवाल, मोहित अग्रवाल, डॉ. इंद्रभूषण प्रसाद, अधिवक्ता मनोज रोशन, कैलाश अग्रवाल, हरिभजन सिंह, शुभम चौखानी, विवेक केजरीवाल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।
क्षेत्र के लोगों ने विश्वास जताया कि एस.डी. संजय के नेतृत्व में बिहार के विधिक तंत्र को नई दिशा मिलेगी तथा उनकी उपलब्धि से त्रिवेणीगंज और पूरे सुपौल जिले का मान बढ़ा है।

कोई टिप्पणी नहीं