सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ गांव में आयोजित भोज के दौरान भोजन में छिपकली गिरने से बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सोशल मीडिया एवं कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों को जिला प्रशासन ने भ्रामक बताया है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 जून की रात करीब 11:45 बजे सूचना मिली थी कि भोजन में छिपकली गिरने की आशंका के कारण लगभग 100 लोग अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य प्रबंधक के साथ सभी लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
जांच के दौरान केवल तीन से चार लोगों ने हल्के पेट दर्द की शिकायत की, जिन्हें तत्काल आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों की टीम द्वारा सभी लोगों की जांच की गई, जिसमें किसी भी व्यक्ति में खाद्य विषाक्तता अथवा अन्य कोई असामान्य लक्षण नहीं पाए गए।
सोमवार को प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण एवं चिकित्सकीय आकलन के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

कोई टिप्पणी नहीं