सुपौल। भरत तिवारी की स्मृति में गुरुवार को सदर प्रखंड अंतर्गत जगतपुर आजाद चौक पर समाजसेवी लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सैकड़ों समर्थकों, कार्यकर्ताओं, देशप्रेमियों एवं गरीब परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान भरत तिवारी की स्मृति में एक पौधा लगाया गया। समाजसेवी लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि यह पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि न्याय, संघर्ष और भरत तिवारी की स्मृतियों का भी प्रतीक है। उन्होंने भरत तिवारी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि वे पिछले 18 वर्षों से गरीबों के अधिकार, सामाजिक विकास और जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी की माता एवं उनके परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तथा भरत तिवारी को शहीद का दर्जा नहीं दिया गया, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर आवाज उठाने को बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि भरत तिवारी को न्याय दिलाने और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर संजय कुमार, रंजीत कुमार वर्मा, कारी महतो, मंटू झा, गुड्डू कुमार, विजय महतो, अजय ठाकुर, संजीव कुमार वर्मा, मनोज कुमार, मोहम्मद शेखावत, दिलीप कुमार भारती, पिंटू कुमार एवं मोहम्मद इसराइल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं