Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज की दो पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान




सुपौल। आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं की पहुंच पंचायत स्तर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतापगंज प्रखंड के दो पंचायतों में 02 जून मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के समीप उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत चयनित पंचायतों में बहु-विभागीय शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण, आवेदन प्राप्ति तथा निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट सहित सभी आवश्यक तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था की गई है। साथ ही नागरिकों के लिए बैठने एवं पेयजल की समुचित सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह पहल सरकार की ‘डोर स्टेप डिलीवरी ऑफ गवर्नमेंट सर्विसेज’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बीडीओ ने बताया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य किया गया है। बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है तथा शेष आवेदनों को भी लगातार दर्ज किया जा रहा है।

उन्होंने संबंधित पंचायतों के नागरिकों से अपील की है कि वे 2 जून को आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यक सेवाओं से संबंधित आवेदन जमा करें तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

प्रखंड प्रशासन के अनुसार मंगलवार को भवानीपुर उत्तर पंचायत एवं भवानीपुर दक्षिण पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस पहल से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं