सुपौल। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के भवानीपुर उत्तर एवं भवानीपुर दक्षिण पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। दोनों पंचायत भवन परिसरों में आयोजित शिविर का नेतृत्व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) गयानंद यादव ने किया।
भवानीपुर उत्तर पंचायत भवन में आयोजित शिविर में बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, सीएससी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, बीसीओ सितेश झा, सहायक अवर निरीक्षक सोनू कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी शिकायतें एवं आवेदन अधिकारियों को सौंपे। प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानीपुर उत्तर पंचायत में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 20 मामलों का निष्पादन मौके पर कर दिया गया, जबकि शेष आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
वहीं भवानीपुर दक्षिण पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर का नेतृत्व अंचलाधिकारी आशुरंजन कर रहे थे। यहां कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 16 मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया।
सहयोग शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों की अधिकता रही। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दोनों पंचायतों में आयोजित शिविर का निरीक्षण डीपीआरओ गयानंद यादव एवं बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डीपीआरओ ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर में बीपीएम, बिजली विभाग के कनीय अभियंता अजय कुमार यादव, कृषि विभाग के अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मुखिया प्रताप बिराजी, सुरेश दास, राजस्व कर्मचारी, पंचायत सेवक, आवास सहायक, पीआरएस सहित विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित थे। शिविर में ग्रामीणों के लिए पेयजल एवं बिजली की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
ग्रामीणों ने सहयोग शिविर की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान की व्यवस्था से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है।

कोई टिप्पणी नहीं