सुपौल। मरौना प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी रचना भारतीय की अध्यक्षता में स्वच्छता कर्मियों, विकास मित्रों एवं जीविका कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न पंचायतों में संचालित स्वच्छता अभियान एवं साफ-सफाई कार्यों का भी जायजा लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ रचना भारतीय ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पंचायतों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता से जुड़े कार्यों में उदासीनता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने सभी कर्मियों से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने, शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।
बैठक में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने एवं पंचायतों को स्वच्छ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सभी कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायतों के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं