सुपौल। सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार (25 जुलाई 2026) को नगर भवन (टाउन हॉल), सुपौल में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सावन कुमार (भा.प्र.से.), 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, निदेशक एनईपी (डीआरडीए), विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बबुजन विशेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य से हुई। इसके बाद आदर्श मध्य विद्यालय, हटवरिया की छात्रा आरूषि कुमारी ने मधुर गायन प्रस्तुत किया। वहीं, सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल के छात्र अर्नव कुमार ने अपनी गायन प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।
इसके अलावा निशा कुमारी एवं ग्रुप, सृष्टि प्रिया, +2 एल.एन.एल.एन. प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, त्रिवेणीगंज, डी डांस एकेडमी, सुपौल तथा राज डांस स्टूडियो, सुपौल के कलाकारों ने भी शानदार नृत्य एवं संगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, कलाकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं