Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

वैशाली एक्सप्रेस से 219.750 लीटर विदेशी शराब व बीयर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


सुपौल। उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग, सुपौल ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की है। संयुक्त अभियान के दौरान दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत ललितग्राम से सहरसा जा रही वैशाली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-15566) की सुपौल रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी ली गई। उत्पाद विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने ट्रेन के बी-04 और बी-05 कोच में जांच अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान सीटों के नीचे संदिग्ध अवस्था में रखे 9 बोरे और 3 पीठू बैग बरामद किए गए। जांच करने पर इनमें से 209.250 लीटर विदेशी शराब तथा 10.500 लीटर बीयर मिली। टीम ने मौके से कुल 219.750 लीटर शराब एवं बीयर जब्त कर ली।

मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा, निवासी कृष्णानगर वार्ड संख्या-22/37, थाना कहरा, जिला सहरसा तथा बिनीत कुमार, पिता संजय प्रसाद यादव, निवासी वार्ड संख्या-10, थाना कहरा, जिला सहरसा के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से शराब की तस्करी करने वालों पर विभाग की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में मद्यनिषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, संजय प्रियदर्शी एवं कुश कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव यादव एवं विशाल कुमार, मद्यनिषेध सिपाही अभिषेक कुमार तथा सहरसा ग्रुप सेंटर के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं अभियान को सफल बनाने में आरपीएफ सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार सहित आरपीएफ सहरसा एवं सुपौल की टीम का भी सराहनीय सहयोग रहा।

कोई टिप्पणी नहीं