सुपौल। सरायगढ़ पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी 55 वर्षीय पवन यादव की बुधवार देर रात एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना महुआ-मझारी गांव के समीप हुई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार पवन यादव निर्मली में मकान ढलाई का कार्य कर देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआ-मझारी गांव के पास एनएच-27 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायगढ़-भपटियाही ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि दुर्घटना निर्मली थाना क्षेत्र में हुई है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्मली थाना भेजा जाएगा। मृतक पवन यादव अपने पीछे पत्नी, वृद्ध मां और नौ बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। इनमें पांच बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि चार बेटियां अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद पत्नी रीता देवी, मां सुगावती देवी तथा बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं