सुपौल। सुपौल सदर प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, कर्णपुर में आयोजित सहयोग शिविर का मंगलवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कर्णपुर निवासी रंजु देवी को मौके पर ही राशन कार्ड प्रदान किया। वहीं स्मिता कुमारी एवं मो. जुबेर को जन्म प्रमाण पत्र सौंपकर उन्हें आवश्यक सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
जिलाधिकारी ने शिविर में प्राप्त विभिन्न आवेदनों एवं शिकायतों का स्वयं अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके।
इस अवसर पर किरण देवी (मुखिया, ग्राम पंचायत कर्णपुर), प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार, अंचलाधिकारी मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं।

कोई टिप्पणी नहीं