Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

4 जुलाई से जिलेभर में चलेगा विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान, प्रतिदिन 7,250 लोगों की जांच का लक्ष्य


सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में "टीबी मुक्त भारत अभियान" के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में 100 प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य हर हाल में हासिल करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि 4 जुलाई से जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेफरल अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल एवं सदर अस्पताल में प्रतिदिन व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT), डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, निश्चय मित्र योजना तथा फूड बास्केट वितरण सहित सभी निर्धारित संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण के लिए जिला स्तर से वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, जीविका के प्रखंड प्रबंधक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की निगरानी करेंगे। वहीं समुदाय स्तर पर विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, कृषि सलाहकार तथा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि लोगों को जागरूक कर अधिकाधिक लोगों को स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करेंगे। आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों एवं उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर स्क्रीनिंग केंद्र तक लाने तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।

निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक चलंत चिकित्सा दल प्रतिदिन कम-से-कम 150 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग करेगा। जिले के सभी 11 प्रखंडों में प्रतिदिन कुल 7,250 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान करना तथा सुपौल जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से हासिल करना है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं