सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां गांव में जमीनी विवाद में घायल युवक रोशन पंडित की इलाज के दौरान मौत के बाद शुक्रवार को पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना को बेहद दुखद बताया और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक के घर पर मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला केवल जमीनी विवाद नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दिन पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया, जो गंभीर लापरवाही है। उनके अनुसार, रोशन पंडित ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर लौट रहे थे, तभी पूर्व नियोजित तरीके से उन पर हमला किया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर उन्होंने कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी एवं सुपौल के पुलिस अधीक्षक से बातचीत की है। उन्होंने एसआईटी गठित कर जांच कराने, स्पीडी ट्रायल चलाने तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की।
इस दौरान पप्पू यादव ने सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी उनका पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर जनप्रतिनिधियों को मानवता का परिचय देना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे दिलेश्वर कामत का व्यक्तिगत रूप से सम्मान करते हैं और उन्हें पिता तुल्य मानते हैं।
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है।
सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और मामले में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं