सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला जनता दरबार में जिलाधिकारी सावन कुमार ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा, राशन, आवास, पेंशन, राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला जनता दरबार में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, निदेशक (एनईपी), डीआरडीए अनित कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं