सुपौल। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को आयोजित गरिमामयी पिपिंग सेरेमनी में जिले के पुलिस महकमे के लिए गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने सार्जेंट खुशबू कुमारी एवं सार्जेंट शशि कुमार को पदोन्नति के उपरांत सार्जेंट मेजर के पद पर अलंकृत किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कंधों पर एक-एक सितारा लगाकर नई जिम्मेदारियों के लिए औपचारिक रूप से सम्मानित किया।
इस अवसर पर पदोन्नत दोनों अधिकारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में भी वृद्धि का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी अपने अनुभव, अनुशासन और कार्यकुशलता के बल पर पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
एसपी ने अधिकारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ जनता की सेवा करने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा भी दी। समारोह के दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं