सुपौल। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने 9 जुलाई 2026 को सदर प्रखंड अंतर्गत बरूआरी पंचायत के मधुबन टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि विद्यालय में लगभग 100 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई होती है, लेकिन पूरे विद्यालय का संचालन मात्र दो शिक्षकों के भरोसे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में केवल दो कमरे उपलब्ध हैं, जिसके कारण एक ही बरामदे में तीन कक्षाओं का संचालन करना पड़ रहा है। इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है और शिक्षण व्यवस्था बाधित हो रही है।
इन समस्याओं को गंभीर बताते हुए लक्ष्मण कुमार झा ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति, पर्याप्त कक्षाओं (कमरों) का निर्माण तथा छात्रों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द विद्यालय की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस जनहित में चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

कोई टिप्पणी नहीं