सुपौल। पिपरा प्रखंड स्थित डाइट बसहा में शुक्रवार की शाम प्राचार्य सहित दो वरिष्ठ व्याख्याताओं के स्थानांतरण की सूचना मिलते ही भावुक माहौल बन गया। प्रशिक्षु शिक्षकों ने विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित कर अपने प्रिय शिक्षकों को श्रद्धा, सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
डाइट के प्राचार्य एकलाख खां का स्थानांतरण नवादा डाइट में किया गया है। उन्होंने दिसंबर 2023 में डाइट बसहा में योगदान दिया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संस्थान में अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बताया गया कि उन्होंने गया में दारोगा की सम्मानजनक नौकरी छोड़कर शिक्षा के क्षेत्र को चुना, जिससे वे प्रशिक्षु शिक्षकों और सहकर्मियों के बीच प्रेरणास्रोत बने।
प्राचार्य के साथ डाइट के वरिष्ठ व्याख्याता अभिषेक कुमार और मदन कुमार का भी स्थानांतरण हुआ है। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में प्रशिक्षु शिक्षकों ने तीनों शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विदाई समारोह के दौरान प्रशिक्षु शिक्षक भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके शिक्षकों ने केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि अनुशासन, समय का महत्व, कर्तव्यनिष्ठा और इंसानियत का भी पाठ पढ़ाया। प्रशिक्षुओं ने कहा कि डाइट परिसर में उनके मार्गदर्शन और स्नेह की कमी हमेशा महसूस होगी।
समारोह का समापन सभी शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं द्वारा तीनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं