सुपौल। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने वीरपुर में वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे मानसरोवर झील पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वन प्रमंडल पदाधिकारी आतिश कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने पूरे पार्क का पैदल भ्रमण कर निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों से पार्क में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि पार्क को और बेहतर तरीके से विकसित कर जल्द से जल्द आम लोगों के लिए खोला जाए, ताकि वीरपुर एवं आसपास के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी एक आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
मानसरोवर झील पार्क में वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए प्ले एरिया, नौकायन (बोटिंग) सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान इन सुविधाओं को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाकर पार्क को शीघ्र जनता के लिए खोलने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने पार्क के संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए निकट भविष्य में इसे आम लोगों के लिए खोलने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज करने का आश्वासन दिया। पार्क शुरू होने से वीरपुर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर मनोरंजन एवं प्राकृतिक वातावरण का लाभ मिल सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं