सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि जिले से बाहर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने न्यायालय वाद, दाखिल-खारिज मामलों, जिला जनता दरबार, जन संवाद तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान 'सहयोग' पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारीक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सतीश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लेकर अपने-अपने विभागों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।


कोई टिप्पणी नहीं