सुपौल। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर गुरुवार को महावीर चौक पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने किया।
प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मण कुमार झा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस कार्यालय में कथित हंगामा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का सभी को अधिकार है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन में रितु रंजन, प्रकाश राम, लालू साहनी, मोहम्मद शाहबाज, रोहन कुमार, शिवकुमार ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं