सुपौल। जिले के पीएम श्री +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखपुर के सभागार में मंगलवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अनजान मोबाइल कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, ओटीपी, बैंक खाते और एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि का सामना करना पड़े तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सरवेश्वर सिंह, साइबर थाना सुपौल के पुलिस निरीक्षक शिव शंकर कुमार, सब इंस्पेक्टर महफूज आलम, विशाल कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी-सह-बीपीआरओ, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वविजय कुमार, शिक्षक प्रणव कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक, कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कोई टिप्पणी नहीं