सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत आवंटित खाद्यान्न के समय पर उठाव एवं डिस्पैच/निर्गमन को लेकर परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ताओं (मुख्य एवं डोर स्टेप डिलीवरी) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, सुपौल ने बताया कि जिले में कार्यरत 4 मुख्य परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता एवं 6 डोर स्टेप डिलीवरी (डीएसडी) अभिकर्ताओं द्वारा खाद्यान्न उठाव एवं निर्गमन का कार्य अपेक्षित गति से नहीं किया जा रहा है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित परिवहन अभिकर्ताओं को अगस्त 2026 के लिए सरकार द्वारा आवंटित खाद्यान्न का समय पर शत-प्रतिशत उठाव एवं निर्गमन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने वाले अभिकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम राम बाबू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार सहित सभी परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं