सुपौल। पिपरा प्रखंड के तुलापट्टी पंचायत स्थित महिचंदा गांव में सोमवार को अखिल भारतीय धानुक उत्थान महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल ने की। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से अजीत कुमार उर्फ भीम सिंह को अखिल भारतीय धानुक उत्थान महासंघ का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके सामाजिक कार्यों, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अजीत कुमार उर्फ भीम सिंह ने संगठन के प्रति विश्वास जताने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
बैठक में समाज के विकास के लिए 10 सूत्रीय कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी दिनों में सदस्यता अभियान चलाने, प्रखंड स्तर पर बैठकें आयोजित करने तथा नई कमेटियों के गठन का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर अमरेश मंडल, उपेन्द्र राय, गोपाल मंडल, विजय मंडल, योगेन्द्र मंडल, अनिल मंडल सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में समाज के हित में सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं