सुपौल। वीरपुर थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत वार्ड संख्या-9 स्थित एसएच-91 पर सीतापुर पुल के समीप शुक्रवार सुबह एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची वीरपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान हृदयनगर पंचायत निवासी 45 वर्षीय मो. लतीफ के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रैक्टर चालक था।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के कारण मो. लतीफ की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर दूसरी चर्चा भी सामने आई है। समाजसेवी डॉ. देवेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मृतक और उसके भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसको लेकर पंचायत भी हुई थी। उनके अनुसार पंचायत के निर्णय से मो. लतीफ संतुष्ट नहीं था और मानसिक तनाव में रह रहा था। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थानीय स्तर पर व्यक्त की गई आशंका है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल पर पहुंचे वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य तथा परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं