सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र में छोटे-बड़े विवादों के त्वरित निष्पादन के लिए थाना पुलिस ने नई पहल शुरू की है। थानाध्यक्ष किशोर कुमार की पहल पर शुक्रवार को थाना परिसर में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब पंचायत स्तर पर नियमित बैठक कर छोटे-मोटे मामलों का समाधान किया जाएगा।
बैठक में तय किया गया कि कार्यालय अवधि के बाद प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक पंचायतवार बैठक आयोजित होगी। इसमें संबंधित पंचायत के मुखिया, पुलिस पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी की मौजूदगी में विवादों का निष्पादन किया जाएगा। इस पहल की औपचारिक शुरुआत आगामी सोमवार से होगी। पहले दिन पथरा उत्तर, पथरा दक्षिण और निर्मली पंचायत के मामलों की सुनवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के अधिकांश मामले जमीन विवाद से जुड़े होते हैं। यदि ऐसे छोटे विवादों का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो जाए तो लोगों को थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अनावश्यक मुकदमों व प्राथमिकी की संख्या में भी कमी आएगी।
बैठक में क्षेत्र की सभी 15 पंचायतों के मुखिया एवं नगर पंचायत पिपरा के चेयरमैन मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने थानाध्यक्ष की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आम लोगों के हित में सराहनीय कदम बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि अभियान में अंचलाधिकारी की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भूमि संबंधी विवादों का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
इस नई व्यवस्था से स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए थाना या अन्य कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं