Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

कोसी नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री वितरित




सुपौल। कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच किशनपुर अंचल अंतर्गत मौजहा पंचायत के पंचगछिया गांव में नदी कटाव की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों की समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के बीच तत्काल पॉलीथीन शीट का वितरण कराया गया, ताकि वे वर्षा और अन्य प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रह सकें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं हो।

उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से अन्य आवश्यक सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल, सुपौल के कार्यपालक अभियंता को कटाव निरोधक कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन कोसी नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, प्रभारी अंचल अधिकारी किशनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी किशनपुर सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं