सुपौल। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने बुधवार को घूरन पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली।
उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आपदा राहत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
सहयोग शिविर के निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने अस्थायी रूप से कच्चे भवन में संचालित विस्थापित विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली तथा कक्षा में बैठकर शिक्षकों द्वारा कराए जा रहे पठन-पाठन का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी प्राप्त की और बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक सर्वेश्वर सिंह, स्थानीय मुखिया, जनप्रतिनिधि, परियोजना पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं