सुपौल। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), मरिचा, सुपौल में आयोजित महिला वस्त्र निर्माण (सिलाई) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शामिल 27 महिलाओं का मूल्यांकन किया गया, जिसमें मूल्यांकनकर्मियों ने प्रशिक्षुओं के प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण के दौरान हासिल किए गए कौशल पर संतोष व्यक्त किया। समापन समारोह के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मनोज कुमार रहे। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई देते हुए स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पीएमईजीपी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षुओं को उद्यमी बनने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
महाप्रबंधक मनोज कुमार ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और कम समय में प्रशिक्षुओं द्वारा हासिल किए गए कौशल एवं उनके उत्साह की सराहना की।
आरसेटी, सुपौल के निदेशक टी.एस. करकेट्टा ने कहा कि आरसेटी प्रशिक्षण के बाद भी अपने प्रशिक्षुओं को दो वर्षों तक मार्गदर्शन प्रदान करती रहेगी। उद्यम शुरू करने के बाद किसी प्रकार की परेशानी आने पर उसके समाधान में संस्थान सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर एवं सफल उद्यमी बनाना भी है।
प्रशिक्षण संचालक अनिश रंजन ने बताया कि प्रशिक्षक सुप्रिया द्वारा महिलाओं को विभिन्न प्रकार के वस्त्र तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें तीन प्रकार के पेटीकोट, बेबी फ्रॉक, नाइटी, विभिन्न डिजाइन के ब्लाउज, छह प्रकार की कुर्ती, स्कूल यूनिफॉर्म आदि तैयार करना सिखाया गया।
इसके अलावा प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार का महत्व, मार्केटिंग के तरीके, बाजार सर्वेक्षण, खाता-बही का रखरखाव, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने तथा साइबर क्राइम से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई।
अनिश रंजन ने बताया कि आरसेटी में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां अपनी रुचि के अनुसार संस्थान में उपलब्ध विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में कृषि उद्यमी, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, अगरबत्ती निर्माण, टेडी (खिलौना) निर्माण एवं बकरी पालन सहित अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समापन समारोह में मुकेश कुमार मुस्कान, कार्यालय सहायक तिरु रूपक, चेतन कुमार सिंह, किशन कुमार, पिंटू कुमार, अमित कुमार सहित आरसेटी के अन्य कर्मी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं