सुपौल। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने और आमलोगों को सौर ऊर्जा के उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार, 08 अगस्त 2026 को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल राघोपुर कार्यालय परिसर में सोलर मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता, परियोजना-1 (शहरी) मनोज कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता राघोपुर धनंजय कुमार सिंह एवं विद्युत कार्यपालक अभियंता सुपौल आलोक कुमार रंजन सहित विद्युत विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने मैथिली भाषा में अपनी बात रखते हुए कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राघोपुर में सोलर मेले का मुख्य उद्देश्य आमलोगों को सौर ऊर्जा एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लोगों से अपने घरों में सोलर सिस्टम लगाने तथा सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। डीएम ने कहा कि यदि लोग अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से सोलर मेला और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी साझा करेंगे, तो योजना के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करने से बिजली की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और ऊर्जा की बचत भी होगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने भी लोगों से अपने घरों में सोलर पैनल लगाने की अपील करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली की बचत की जा सकती है। उन्होंने लोगों से स्वयं सौर ऊर्जा अपनाने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
मेले में विभिन्न वेंडरों द्वारा सोलर पैनल, सोलर लाइट, ऑन-ग्रिड एवं हाइब्रिड सोलर इनवर्टर, लिथियम बैटरी समेत अन्य सौर ऊर्जा उपकरणों के स्टॉल लगाए गए थे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रदर्शित उपकरणों की विशेषताओं एवं उपयोग के संबंध में जानकारी ली।
मेले में पहुंचे आमलोगों ने भी विभिन्न स्टॉलों पर सोलर उपकरणों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके उपयोग एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सोलर सिस्टम लगाने के इच्छुक लोगों को बैंक प्रतिनिधियों द्वारा सोलर सिस्टम के लिए ऋण लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि जो उपभोक्ता एकमुश्त पूरी राशि खर्च करने में सक्षम नहीं हैं, वे बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा का लाभ लेकर अपने घर में सोलर सिस्टम स्थापित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं द्वारा अतिथियों को मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग, अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।

कोई टिप्पणी नहीं