सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र की चांदपीपर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को नशे के खिलाफ ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीताराम यादव ने की। इसमें पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए बद्री प्रसाद विमल ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर अभिशाप बन चुका है। इसके खिलाफ केवल युवाओं को ही नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा सूखे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है और युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के कई प्रतिभाशाली युवा नशे की वजह से अपराध की दुनिया में प्रवेश कर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं।
बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नशे का सेवन करते हुए पकड़े जाने पर 5100 रुपये तथा नशीले पदार्थों की बिक्री करते पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया। साथ ही नशामुक्ति अभियान की सफलता को लेकर प्रत्येक रविवार को बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद पंचायत में नशामुक्ति अभियान को गति देने के उद्देश्य से स्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार करते हुए बाइक रैली निकाली गई। रैली चांदपीपर पंचायत के विभिन्न वार्डों में पहुंची। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ विभिन्न नारे लगाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
मौके पर सीताराम यादव, बद्री प्रसाद विमल, विष्णु नारायण यादव, लक्ष्मी प्रसाद मंडल, सरपंच प्रयाग शर्मा, रामचंद्र यादव, अनिल कुमार विमल, नीरज यादव, कृष्णदेव मंडल, गणेश प्रसाद यादव, मनोज साह, महेंद्र प्रसाद यादव, रमेश कुमार बबलू, विजय कुमार मंडल, रजनीश साह, देवनारायण यादव, संजय कुमार यादव, जय नारायण यादव, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार, घनश्याम यादव, विशेश्वर साह, रंजीत कुमार, जितेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं