सुपौल। डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS)-शारदीय 2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संयुक्त कृषि भवन, सुपौल के सभागार में सर्वेयर एवं सुपरवाइजर के लिए एक दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी, सुपौल ने की।
प्रशिक्षण में सहायक निदेशक (शष्य) बीज विश्लेषण, सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक, प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर-DCS, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कृषि कर्मी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला DCS नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारी ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण की वर्तमान कार्यप्रणाली, आवश्यक संशोधनों एवं नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। सर्वेयर एवं सुपरवाइजर को फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन, आंकड़ों की प्रविष्टि एवं सत्यापन सहित विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि संशोधित प्रक्रिया के तहत सर्वेक्षण कार्य के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। सर्वेक्षण से जुड़े आंकड़ों की शुद्धता, विश्वसनीयता और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सर्वेयर एवं सुपरवाइजर ने मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन और डाटा प्रविष्टि से जुड़ी तकनीकी समस्याओं एवं प्रक्रियाओं को समझा। प्रतिभागियों द्वारा उठाई गई शंकाओं एवं समस्याओं का अधिकारियों ने समाधान किया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी FR ID धारकों को अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक किसानों का Farmer Registry (FR) ID बनाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाकर पूरा करने पर जोर दिया।
बताया गया कि FR ID निर्माण की प्रगति की दैनिक समीक्षा जिला पदाधिकारी, सुपौल द्वारा की जानी है। इसको लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने तथा नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को निर्देश दिया गया कि DCS-शारदीय 2026 के सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें। साथ ही संशोधित प्रक्रिया एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए अधिकतम किसानों को Farmer Registry से जोड़ने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए अभियान चलाकर कार्य करने को कहा गया।

कोई टिप्पणी नहीं