सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को पंचायत समिति सदस्यों की बैठक प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी, जन वितरण प्रणाली, विभिन्न पेंशन योजनाओं, कबीर अंत्येष्टि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पीएचईडी, कृषि, जीविका, पशुपालन, राजस्व, बाढ़ एवं आपदा सहित अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अच्युतानंद ने कहा कि पंचायतों में विभिन्न योजनाओं के लिए उपलब्ध राशि का अपेक्षित उपयोग नहीं किया गया है। उन्होंने सभी मुखिया को अपने-अपने पंचायत में उपलब्ध राशि का उपयोग विकास कार्यों में करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं में खर्च की गई राशि का ऑडिट कराना अनिवार्य है।
बीडीओ ने पीएम सूर्य घर मुफ्त सोलर बिजली योजना को लेकर भी लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की अपील की। सीओ कुणाल गौरव ने कहा कि पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर नाव की बहाली की जाएगी। बाढ़ से प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार पॉलीथिन शीट एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी।
बैठक में सरायगढ़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुखदेव पंडित ने प्रखंड क्षेत्र में बढ़ते सूखा नशा के प्रचलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 12 से 30 वर्ष की उम्र के युवा सूखा नशे की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इसके खिलाफ ठोस कदम उठाने और नशे के कारोबार पर प्रभावी लगाम लगाने की मांग की।
बैठक में बीडीओ ने बताया कि 12 अगस्त को प्रखंड स्तर पर तथा 13 अगस्त को पंचायत स्तर पर हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
बैठक में प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव, बीडीओ अच्युतानंद, सीओ कुणाल गौरव, प्रभारी बीईओ शिव शंकर पंडित, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंडिकेश्वर झा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी चंद्रभूषण मंडल, पीएनबी शाखा प्रबंधक उपेंद्र कुमार, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अमिताभ, बिजली विभाग के जेई अभिषेक कुमार, कृषि विभाग के कोऑर्डिनेटर विवेक कुमार एवं अनुज कुमार सहित बड़ी संख्या में पंचायत जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं