सुपौल। वीरपुर स्थित मॉडल प्लस टू उच्च विद्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की उपस्थिति में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम ने छात्र-छात्राओं को प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या, समय का सदुपयोग और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और ईमानदारी से उसकी प्राप्ति के लिए मेहनत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय में Physics Wallah (फिजिक्स वाला) की ऑनलाइन शिक्षण सुविधा का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल के माध्यम से वीरपुर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम सावन कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए भी देश के श्रेष्ठ शिक्षण संसाधनों तक पहुंच आसान बना दी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने और अपने सपनों को साकार करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते हुए ऑनलाइन शिक्षण सुविधा शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।

कोई टिप्पणी नहीं