सुपौल। किशनपुर प्रखंड के मौजहा पंचायत स्थित समाजवादी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मौजहा में शुक्रवार को प्रधानाध्यापक चंद्र नारायण चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें सम्मानित कर उनके लंबे एवं समर्पित शैक्षणिक योगदान की सराहना की।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए विद्यालय का प्रभार वरीय शिक्षक प्रभू कुमार को सौंपा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक जगन्नाथ महतो ने कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक दिन सेवानिवृत्त होना पड़ता है। उन्होंने चंद्र नारायण चौधरी के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनसे आग्रह किया कि वे समय-समय पर विद्यालय आकर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहें, ताकि उनके अनुभव का लाभ नई पीढ़ी को मिलता रहे।
समारोह में शिक्षक संघ के जिला सचिव डॉ. सुरेंद्र प्रसाद, भगवान प्रसाद यादव, रामचंद्र प्रसाद यादव, जय कुमार, प्रभू कुमार, पंचायत के मुखिया अमर कुमार चौधरी सहित विद्यालय परिवार एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्री चौधरी के स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं