सुपौल। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि 19 अगस्त को बलुआ बाजार में उनकी प्रतिमा का अनावरण करने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पिछले कुछ दिनों से जिले के वरीय अधिकारी लगातार बलुआ बाजार पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस, त्रिवेणीगंज एवं वीरपुर के एसडीएम तथा एसडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारी लगातार स्थल निरीक्षण कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में जिलाधिकारी सावन कुमार तीन बार बलुआ बाजार पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम स्थल पर बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बलुआ स्थित मध्य विद्यालय परिसर में हेलीपैड का निर्माण कराया जाना है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार स्थल का निरीक्षण कर रही है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र के पुत्र एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा का भी बलुआ आगमन होगा। इसके अलावा कई अन्य नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
बलुआ बाजार को प्रखंड बनाने की मांग लंबे समय से क्षेत्र के लोगों द्वारा की जाती रही है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए स्थानीय लोगों में एक बार फिर इस मांग को प्रमुखता से उठाए जाने की चर्चा है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के समक्ष बलुआ बाजार को प्रखंड का दर्जा देने की मांग रखी जा सकती है।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एशिया के दूसरे सबसे बड़े फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के उद्घाटन को लेकर भी पहले से कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, सेंटर की एक प्रयोगशाला के लिए हाल के दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में विभागीय स्तर पर फिलहाल फिजिकल मॉडलिंग सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में होना संभव नहीं माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं। अधिकारियों का लगातार स्थल निरीक्षण यह संकेत दे रहा है कि कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

कोई टिप्पणी नहीं