सुपौल। सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए जिले में अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। आम लोगों में योजना के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए सरकार ने सोलर यूनिट लगाने पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि में भी वृद्धि की है।
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार ने बताया कि पूर्व में अधिकतम 78 हजार रुपये तक मिलने वाली सब्सिडी को बढ़ाकर अब 98 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट के सोलर यूनिट पर मिलने वाली सहायता राशि 30 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपये, जबकि 2 किलोवाट की इकाई पर 60 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दी गई है। वहीं, 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के सोलर यूनिट पर अधिकतम सब्सिडी 78 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये कर दी गई है।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही वित्तीय सहायता की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि आम नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकें।
बताया गया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के अतिरिक्त शेष राशि के लिए बैंकों के माध्यम से आसान किस्तों पर ऋण उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है। लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार छोटे या बड़े सोलर यूनिट स्थापित कर सकते हैं।योजना से संबंधित जानकारी एवं आवेदन के लिए इच्छुक लोग pmsuryaghar.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं